छत्तीसगढ़

गोरी-चांदनी के नाम पर बिक रहा पाकिस्तानी माल

Pakistani goods being sold under the name 'Gori-Chandni'

रायपुर। राजधानी के बाजारों में रातों-रात रंग निखारने के भ्रामक दावों के साथ प्रतिबंधित पाकिस्तानी ‘गोरी क्रीम’ बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (ड्रग विभाग) की टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र गोल बाजार में बड़ी कार्रवाई करते हुए इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। ‘ओम ब्यूटी सेंटर’ नामक दुकान पर की गई छापेमारी में टीम ने ‘मेड इन पाकिस्तान’ लेबल वाली 236 क्रीम जब्त की हैं, जिनमें सर्वाधिक 218 डिब्बे गोरी क्रीम के शामिल हैं। जब्त माल की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये आंकी गई है।

218 ‘गोरी’ और 18 ‘चांदनी’ क्रीम बरामद

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गोल बाजार में अवैध रूप से पाकिस्तानी सौंदर्य प्रसाधन बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान में दबिश दी, जहां से 218 डिब्बे ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ और 18 डिब्बे ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ बरामद हुए। पैकेजिंग की जांच में इनके पाकिस्तान में निर्मित होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने मौके से गोरी क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। हालांकि, आसपास की अन्य दुकानों में भी जांच की गई, लेकिन वहां यह स्टॉक नहीं मिला।

सप्लाई चेन पर उठे गंभीर सवाल

केंद्र सरकार ने 2 मई 2025 को अधिसूचना जारी कर पाकिस्तान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आने वाले सभी उत्पादों के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद रायपुर के थोक और खुदरा बाजार में 300 से 550 रुपये की कीमत पर गोरी क्रीम की खुलेआम बिक्री ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानीय कारोबारी थोक में 300 से 500 पीस का ऑर्डर लेकर चोरी-छिपे इसकी सप्लाई कर रहे थे। जिन दुकानों पर यह क्रीम उपलब्ध नहीं है, वहां इसके विकल्प के तौर पर सात दिन में गोरा करने का दावा करने वाले अन्य संदिग्ध उत्पाद खपाए जा रहे हैं। ड्रग विभाग अब इस सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए सप्लाई चेन की पड़ताल कर रहा है।

केंद्रीय एजेंसी जारी कर चुकी है देशव्यापी अलर्ट

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने 8 सितंबर 2026 को ही देशव्यापी अलर्ट जारी कर गोरी और चांदनी क्रीम की बिक्री को भारत में पूरी तरह अनधिकृत घोषित किया था। इससे पहले न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था ‘मेडसेफ’ और महाराष्ट्र एफडीए की जांच में भी गोरी क्रीम के नमूनों में पारा (मरकरी) और सीसा (लेड) जैसे घातक भारी धातुओं की मात्रा तय मानक से कई गुना अधिक पाई गई थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button