छत्तीसगढ़

कुएं में डूबने से दो लोगों की दर्दनाक मौत

Two people die a tragic death by drowning in a well

अंबिकापुर के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम काराबेल के मुड़ापारा में कुएं में दो ग्रामीणों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान अशोक बखला (45) पिता सिवमुन और कमल तिर्की (55) पिता बैगा तिर्की के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

कुएं में मुंडेर की ऊंचाई ज्यादा नहीं थी, इस कारण एक व्यक्ति के गिरने के बाद दूसरे की उसकी जान बचाने के प्रयास में कुएं में कूदने की आशंका जताई जा रही है।

ग्राम काराबेल के मुड़ापारा स्थित सुनसान इलाके में बने एक गहरे कुएं में दोनों के शव तैरते हुए मिले। कुआं बस्ती से दूर होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। बाद में ग्रामीणों ने कुएं में शव देखे तो सीतापुर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिए गए हैं। इस घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है, लेकिन प्रथम दृष्टया अनुमान लगाया जा रहा है कि अंधेरे में गांव घूमकर लौटने के दौरान कमल तिर्की का पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरा।

उसे डूबता देख अशोक बखला ने उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। दोनों को तैरना नहीं आने और कुएं में पानी अधिक होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, दिनभर दोनों साथ में घूम रहे थे। दोनों के शराब के नशे में होने की भी आशंका है हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button