सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत ‘वॉकाथॉन’ का आयोजन
‘Walkathon’ organized as part of Vigilance Awareness Week

सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग के सहयोग से 31 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7:00 बजे मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) से सीईजेड चौक तक ‘वॉकाथॉन’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शपथ दिलाकर संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने गुब्बारे छोड़कर एवं झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया।

इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” विषय पर किया जा रहा है। वॉकाथॉन के माध्यम से समाज में ईमानदारी एवं पारदर्शिता के महत्व को रेखांकित करते हुए भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए के चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीन निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री पी के सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार सहित मुख्य महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक, संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारीगण, क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नगर सेवाएं विभाग के कर्मचारीगण तथा इस्पात नगरी के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मानव संसाधन विकास केंद्र से प्रारंभ हुई यह वॉकाथॉन सीईजेड चौक से वापस लौटकर मानव संसाधन विकास केंद्र में समाप्त हुई। सतर्कता विभाग से महाप्रबंधक (सतर्कता) संदीप गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, भी उपस्थित रहे।

प्रत्येक वर्ष केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इस सप्ताह का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता को बढ़ावा देना तथा सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।



