20 से 25 अक्टूबर तक होगा प्रतिमा विसर्जन
The idol immersion will take place from October 20 to 25.

रायपुर। रायपुर में दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 20 अक्टूबर को शहर में 6 जगह रावण दहन होगा। वहीं, दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन खारून नदी में करने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिमाओं को नदी के पास बनाए गए विसर्जन कुंड में ही विसर्जित करना होगा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का पालन कराने के लिए निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति बनाई है।
रावणभाठा-WRS समेत 6 जगह होगा आयोजन
दशहरा पर रावण दहन के प्रमुख आयोजन रावणभाठा और WRS कॉलोनी में होंगे। इसके अलावा चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड में स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास भी रावण दहन किया जाएगा।
इन सभी जगहों पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन, रास्तों की सफाई और मैदान समतल करने की जिम्मेदारी संबंधित जोन कमिश्नरों को दी गई है। उन्हें आयोजन स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विसर्जन के 24 घंटे के भीतर हटाना होगा मलबा
नगर निगम ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री अलग कर निर्धारित स्थान पर रखी जाए। विसर्जन कुंड में जमा मलबा, बांस-बल्लियां और दूसरी सामग्री 24 घंटे के भीतर बाहर निकालनी होगी, ताकि पानी प्रदूषित न हो।
इसके अलावा ध्वनि और वायु प्रदूषण रोकने के लिए जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
समिति संभालेगी विसर्जन कुंड की व्यवस्था
निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने विसर्जन कुंड और दशहरा आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की समिति गठित की है। इसमें अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन-2 के कमिश्नर संतोष पांडेय, जोन-5 के कमिश्नर राकेश शर्मा और जोन-6 की कमिश्नर प्रीति सिंह सहित इंजीनियरिंग और जल विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
समिति की जिम्मेदारी विसर्जन स्थल पर शामियाना, रोशनी, माइक, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधा जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है। निगम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी जरूरी इंतजाम प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए हैं।



