छत्तीसगढ़

रायपुर एयरपोर्ट पर 2 फ्लाइट प्रभावित, 280 यात्री परेशान

2 flights affected at Raipur airport; 280 passengers inconvenienced.

रायपुर। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम रनवे की मरम्मत के कारण फ्लाइटों की आवाजाही प्रभावित हुई। दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रही इंडिगो की 2 फ्लाइट को नागपुर भेजना पड़ा। दोनों विमानों में करीब 140-140 यात्री सवार थे।

दरअसल, दिल्ली से आ रही फ्लाइट एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाती रही। इसके बाद उसे नागपुर भेज दिया गया। रनवे की मरम्मत पूरी होने के बाद लैंडिंग दोबारा शुरू हुई। इंदौर से आने वाली फ्लाइट रात 8:50 बजे रायपुर पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 734 और इंदौर से आने वाली फ्लाइट 6E 813 को नागपुर भेजा गया। अचानक फ्लाइट का रास्ता बदलने से यात्रियों को रायपुर पहुंचने के लिए ज्यादा इंतजार करना पड़ा।

एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाता रहा दिल्ली का विमान

दिल्ली से रायपुर आ रहा इंडिगो का विमान स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के ऊपर कई बार चक्कर लगाता रहा। रनवे की समस्या के कारण लैंडिंग नहीं हो सकी, जिसके बाद विमान को नागपुर डायवर्ट कर दिया गया।

बताया गया कि इस विमान में कुछ कांग्रेस नेता भी सवार थे। हालांकि, उनके नाम सामने नहीं आए। इंदौर से रायपुर आ रही दूसरी फ्लाइट को भी इसी वजह से नागपुर भेजना पड़ा।

मरम्मत पूरी होने के बाद शुरू हुई लैंडिंग

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अनुसार, रनवे पर पैचवर्क का काम चल रहा था। इसी वजह से कुछ समय के लिए लैंडिंग प्रभावित हुई। सुरक्षित परिचालन को ध्यान में रखते हुए दोनों विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया।

शाम करीब 7 बजे कोलकाता से आई फ्लाइट की रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। इसके बाद विमान परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।

रात 8:50 बजे रायपुर पहुंची इंदौर की फ्लाइट

नागपुर डायवर्ट की गई इंदौर-रायपुर फ्लाइट 6E 813 रात 8 बजकर 50 मिनट पर रायपुर पहुंच गई। वहीं, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 6E 734 के रात करीब 9:10 बजे पहुंची।

इस दौरान किसी यात्री के घायल होने या विमान को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली। हालांकि, उड़ानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को देरी और परेशानी का सामना करना पड़ा। रायपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस मामले में अब तक अधिकृत बयान जारी नहीं किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button