छत्तीसगढ़

नवरात्र में मैहर, डोंगरगढ़ और हावड़ा रूट पर रेल सुविधा बढ़ेगी

Rail services on the Maihar, Dongargarh, and Howrah routes will be increased during Navratri.

रायपुर। शारदीय नवरात्र पर्व के दौरान मातारानी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं और त्योहारी सीजन में यात्रा करने वाले आम यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं। नवरात्र के दौरान मध्य प्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा देवी और छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर में लाखों श्रद्धालु शीश नवाते हैं। इस भारी भीड़ और दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से रेलवे ने ट्रेनों के अस्थायी ठहराव, फेरों में वृद्धि और अतिरिक्त कोच जोड़ने का व्यापक निर्णय लिया है।

रेल प्रशासन ने पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत मैहर स्टेशन पर दुर्ग-नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस को पांच मिनट का अस्थायी ठहराव देने की घोषणा की है। यह सुविधा 11 से 22 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। समय सारिणी के अनुसार, नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस मैहर स्टेशन पर देर रात 01:55 बजे पहुंचेगी और 02:00 बजे रवाना होगी। वापसी दिशा में दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस सुबह 05:35 बजे पहुंचकर 05:40 बजे छूटेगी। इस ठहराव से विंध्य क्षेत्र जाने वाले दर्शनार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

डोंगरगढ़ में ट्रेनों का ठहराव और मेमू का विस्तार

मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए मेला अवधि में गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर को रायपुर तक और रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू को गोंदिया तक विस्तारित किया गया है। इसके अलावा डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन का संचालन भी होगा। साथ ही 11 से 20 अक्टूबर तक बिलासपुर-भगत की कोठी, बिलासपुर-बीकानेर, बिलासपुर-चेन्नई, बिलासपुर-पुणे और सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की एक्सप्रेस गाड़ियों को डोंगरगढ़ में दो-दो मिनट का ठहराव दिया गया है।

इतवारी-शालीमार स्पेशल और अतिरिक्त एसी कोच

दुर्गा पूजा की भीड़ को संभालने के लिए इतवारी और शालीमार के बीच तीन फेरों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इतवारी से यह ट्रेन 15, 22 और 29 अक्टूबर को तथा शालीमार से 16, 23 और 30 अक्टूबर को रवाना होगी। इस ट्रेन का ठहराव रायपुर, दुर्ग, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ में होगा। इसके अलावा शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में 10 से 18 अक्टूबर के बीच एक अतिरिक्त एसी-3 कोच जोड़ा जा रहा है, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button