पत्रकारों के लिए बनी दीर्घा में जनप्रतिनिधियों का डेरा, मीडिया की व्यवस्था पर उठे सवाल
Elected representatives occupy the press gallery; questions raised regarding media arrangements.

बलरामपुर/उपमुख्यमंत्री अरुण साव के बलरामपुर प्रवास के दौरान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकार दीर्घा को लेकर व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

कार्यक्रम स्थल पर “पत्रकार दीर्घा” का बोर्ड लगाया गया है, लेकिन दीर्घा की निर्धारित सीटों पर कई जनप्रतिनिधि बैठ गए हैं। इसके चलते कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों को बैठने और समाचार संकलन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान जिले को 121 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक के 49 विकास कार्यों की सौगात दी जानी है। इनमें 93 करोड़ 4 लाख रुपये के 41 कार्यों का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 30 लाख रुपये के 8 कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास शामिल है।
ऐसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम में पत्रकारों के लिए निर्धारित पत्रकार दीर्घा में जनप्रतिनिधियों के बैठने से मीडिया व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पत्रकारों का कहना है कि यदि दीर्घा पत्रकारों के लिए निर्धारित है तो वहां मीडिया कर्मियों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।



