रायपुर में आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक, सुखदेव भगत करेंगे शिरकत
Congress Legislature Party meeting in Raipur today; Sukhdev Bhagat to attend.

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक रविवार रात 8 बजे होगी। बैठक नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के शांति नगर स्थित निवास कार्यालय में रखी गई है। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत भी बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है।
सुखदेव भगत रविवार दोपहर रायपुर पहुंचे। इसके बाद वे राजीव भवन जाएंगे। यहां शाम 5:30 बजे उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। शाम 6:30 बजे भगत राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद रात 8 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। बैठक के बाद विधायकों के साथ डिनर का कार्यक्रम भी रखा गया है।
विधायक दल के साथ संगठन और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा
बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के साथ कांग्रेस के विधायक मौजूद रहेंगे। पार्टी ने बैठक का विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है। बैठक में विधायक दल से जुड़े मुद्दों के साथ प्रदेश में संगठन की स्थिति और आगामी गतिविधियों पर चर्चा हो सकती है।
28 सितंबर को भी बैठकों का दौर
सुखदेव भगत के दौरे के दूसरे दिन 28 सितंबर को भी कई बैठकें होंगी। सुबह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद कनेक्ट सेंटर की टीम के साथ चर्चा प्रस्तावित है। दोपहर में एआईसीसी के निर्देश पर जिला कलेक्ट्रेट तक निकाले जाने वाले विरोध मार्च में भी भगत शामिल होंगे।
शाम 4 बजे फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक होगी। इसके बाद शाम 5 बजे अनुशासन समिति के साथ बैठक प्रस्तावित है। कार्यक्रम पूरा होने के बाद सुखदेव भगत रात में दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



