प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
Prime Minister's Trophy Scholarship and Talent Felicitation Ceremony Organized

मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं मेरिट अवार्ड से किया गया सम्मानित

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा 25 सितम्बर 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में प्रधानमंत्री ट्रॉफी (सर्वोत्तम) छात्रवृत्ति वितरण समारोह एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए.के. चक्रवर्ती के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री ट्रॉफी सर्वोत्तम छात्रवृत्ति एवं मेरिट अवार्ड प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री कमल भास्कर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ उदय कुमार तथा महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं) श्री ए.बी. श्रीनिवास सहित संयंत्र के विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में ऑफिसर्स एसोसिएशन, यूनियन, एससी/एसटी एसोसिएशन, डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बीएसपी शालाओं के प्रमुख भी उपस्थित थे।

महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों एवं पुरस्कार विजेताओं का अभिनंदन करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना के संबंध में जानकारी दी। इस योजना के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र को 11 बार प्राप्त प्रधानमंत्री ट्रॉफी की पुरस्कार राशि के अर्जित ब्याज से योग्य मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रोत्साहित करती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य अतिथि श्री ए.के. चक्रवर्ती ने सम्मानित विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचान देने के साथ-साथ उनके भविष्य के लिए आत्मविश्वास का आधार तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने वाली ऐसी योजनाएँ जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण, बेहतर समाज तथा सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
श्री पवन कुमार ने छात्रवृत्ति एवं मेरिट अवार्ड के लिए चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना की तथा विद्यार्थियों को दृढ़ निश्चय के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्तियाँ विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
श्री ए.बी. श्रीनिवास ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र की एक महत्वपूर्ण पहल है। शैक्षणिक उत्थान सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2004-05 में प्रारंभ की गई थी। प्रधानमंत्री ट्रॉफी सर्वोत्तम छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 75 छात्र-छात्राओं को प्रतिवर्ष 25,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। विद्यार्थियों का चयन कक्षा 12वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाता है। इस छात्रवृत्ति के लिए वे विद्यार्थी पात्र हैं, जिन्होंने गत वर्ष राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्थाओं जैसे IIMs, AIIMS, IITs, NITs, National Law Colleges, CMA, NIFT एवं IISER आदि में प्रवेश लिया है। इस वर्ष इस श्रेणी के अंतर्गत कुल 215 आवेदन प्राप्त हुए। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राओं को कुल 30 लाख 77 हजार रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई। वहीं, मेरिट अवार्ड के अंतर्गत कुल 2 लाख 12 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मेरिट अवार्ड के लिए विद्यार्थियों का चयन सीबीएसई, छत्तीसगढ़ बोर्ड एवं अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्राप्त अंकों तथा कक्षा 8वीं के लिए टीक्यूटी में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाता है। इस श्रेणी में कुल 28 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 5 विद्यार्थी खदान समूह से हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10, श्रीमती सुमिता सरकार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्रीमती सजिथा राजेश एवं वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती महुवा चटर्जी ने किया।



