भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा पीएम ट्रॉफी छात्रवृत्ति पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन
PM Trophy Scholarship Award Distribution Ceremony organized by the Education Department of Bhilai Steel Plant

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा 24 सितम्बर 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति पुरस्कार समारोह का आयोजन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति एवं सेल छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ व सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत ईएमएमएस, सेक्टर 6 के विद्यार्थियों द्वारा पौधे भेंट कर, स्वागत गीत के साथ किया गया।

समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (एम एस) श्री रविशंकर, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री प्रशांत ओझा, महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं) श्री ए.बी. श्रीनिवास, महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी एवं महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर-एल एंड डी) श्री संजीव श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों एवं शालाओं के प्रमुख, मीडियाकर्मी, पुरस्कार विजेता विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक (शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों एवं पुरस्कार विजेताओं का अभिनंदन करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना के संबंध में जानकारी दी। इस योजना के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र को 11 बार प्राप्त प्रधानमंत्री ट्रॉफी की पुरस्कार राशि के अर्जित ब्याज से योग्य मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रोत्साहित करती है। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस वर्ष सभी श्रेणियों में कुल 215 आवेदन प्राप्त हुए। चयनित 185 विद्यार्थियों में 102 छात्र एवं 83 छात्राएँ शामिल हैं, जिनमें 50 विद्यार्थी आरक्षित वर्ग से हैं। चयनित विद्यार्थियों में 84 इंजीनियरिंग, 51 मेडिकल, 8 स्नातकोत्तर तथा 42 अन्य पाठ्यक्रमों से संबंधित हैं। इस वर्ष छात्रवृत्ति के रूप में कुल 29.83 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने छात्रवृत्ति के लिए चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए शिक्षा विभाग की सराहना की तथा विद्यार्थियों को दृढ़ निश्चय के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्तियाँ विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी शिक्षा के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं) श्री ए.बी. श्रीनिवास ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2004-05 में प्रारंभ की गई थी। प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति एवं सेल छात्रवृत्ति भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों की संख्या के आधार पर प्रदान की जाती हैं। प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित छात्र-छात्राओं को तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पाठ्यक्रमों के लिए वार्षिक छात्रवृत्ति के रूप में 11,000 रुपये प्रदान किए जाते हैं। इन छात्रवृत्तियों के लिए चयन 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाता है। सेल छात्रवृत्ति के अंतर्गत तकनीकी पाठ्यक्रम के लिए 3,000 रुपये तथा गैर-तकनीकी पाठ्यक्रम के लिए 1,800 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस श्रेणी में इस वर्ष एक विद्यार्थी का चयन हुआ है।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10, श्रीमती सुमिता सरकार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्रीमती सुनीता अनिल वासुदेवन एवं वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती महुवा चटर्जी ने किया।



