मध्यप्रदेश

कल्याणपुर में जन विश्वास शिविर: 323 आवेदन मौके पर निपटाए, लंबित 4228 में से 2671 का निराकरण

'Jan Vishwas' (Public Trust) Camp in Kalyanpur: 323 applications resolved on the spot; 2,671 out of 4,228 pending cases settled.

लोकेशन – रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

सरकार योजनाओं का लाभ देने जनता के दरवाजे पहुंच रही : सांसद जनार्दन मिश्रा | सिरमौर विधायक बोले- गरीबों और वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

रीवा/जवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आम लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शुक्रवार को जवा विकासखंड के कल्याणपुर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त 323 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया। वहीं विभिन्न विभागों से संबंधित 4228 लंबित आवेदनों में से 2671 का निराकरण किया गया।

शिविर में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख गौड़ा समेत जिला स्तरीय अधिकारी बस से जिला मुख्यालय से कल्याणपुर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

 

सरकार जनता के दरवाजे पर आकर दे रही योजनाओं का लाभ : सांसद

 

सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि जन विश्वास अभियान के जरिए सरकार आम जनता के दरवाजे पर पहुंचकर योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने आमजन से विकास कार्यों के क्रियान्वयन में सहयोग की अपील की। सांसद ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत के अनुसार ही बिजली बिल जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि मनमानी बिलिंग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

 

बाढ़ प्रभावितों को पीएम आवास में प्राथमिकता मिले : विधायक

 

सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने कहा कि गरीबों और वंचितों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जन विश्वास अभियान मुख्यमंत्री की अभिनव पहल है। अभियान के तहत जिला स्तरीय अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण और योजनाओं की निगरानी से लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है।

 

उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में कच्चे मकान ढह गए हैं। ऐसे पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। संबल योजना में भी पात्र मजदूरों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। विधायक ने सांदीपनि विद्यालय भवनों का निर्माण पूरा कराकर उनका लोकार्पण कराने की मांग भी रखी।

 

संबल से 7 परिवारों को सहायता, 12 समूहों को 25 लाख का अनुदान

 

शिविर में मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत 7 पीड़ित परिवारों को अनुग्रह सहायता राशि दी गई। आजीविका मिशन के 12 स्वसहायता समूहों को 25 लाख रुपए की अनुदान राशि वितरित की गई। दो महिलाओं को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के नियुक्ति पत्र भी दिए गए।

 

उद्यम क्रांति योजना के तहत सुनीता गुप्ता को किराना व्यवसाय के लिए 4.50 लाख रुपए और सूरज गुप्ता को फुटकर व्यवसाय के लिए 5.93 लाख रुपए की राशि वितरित की गई।

 

उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने सुनाई सफलता की कहानी

 

शिविर के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। चौखंडी में फ्लोर मिल संचालित कर रहे हितग्राही आरके दुबे ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में उद्योग विभाग के सहयोग से फ्लोर मिल स्थापित की। वर्तमान में रीवा संभाग के सभी जिलों के अलावा उत्तरप्रदेश के पांच जिलों में उनके उत्पादित आटे की बिक्री हो रही है। उनके उद्योग से 10 लोगों को रोजगार मिला है।

 

आजीविका मिशन की स्वरोजगार से जुड़ी राजेश कुमारी ने बताया कि उन्होंने छोटी-छोटी बचत से स्वसहायता समूह शुरू किया। समूह में 15 महिलाएं जुड़ी हैं और महिलाएं सब्जी उत्पादन, खेती व डेयरी का काम कर रही हैं। वे बैंक सखी के रूप में भी कार्य कर रही हैं।

 

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने हनुमान मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जन विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोक सेवा गारंटी, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य विभागों से संबंधित 2600 से अधिक आवेदनों का निराकरण किया गया है। जिला स्तरीय अधिकारी क्षेत्र में कार्यालयों और संस्थाओं का निरीक्षण भी कर रहे हैं।

 

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा तिवारी, एसडीएम माइकल तिर्की, जनपद अध्यक्ष रन्नू पाण्डेय, उपाध्यक्ष झण्डीलाल वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button