छत्तीसगढ़

रायपुर में गाड़ी के अंदर मिला शव

Body found inside a vehicle in Raipur.

रायपुर। रायपुर के धरसींवा में गुरुवार रात गश्त के दौरान पुलिस ने टाटा मैजिक को रुकवाया, तो ड्राइवर गाड़ी पीछे कर तेज रफ्तार से भगाने लगा। पुलिस पीछा करती रही। आखिरकार शीतला मंदिर के पास गाड़ी छोड़कर उसमें सवार दो लोग अंधेरे में खेतों की तरफ भाग गए।

पुलिस ने टाटा मैजिक की तलाशी ली तो अंदर चादर से बंधी एक लाश मिली। शव का पैर चादर के बाहर निकला था। यह देखकर पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक स्थिति में हत्या के बाद शव को कहीं ले जाकर छिपाने या ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।

रोकने पर पीछे लेने लगा गाड़ी, फिर अचानक भगाई

घटना 4 सितंबर की रात करीब 1:15 बजे की है। धरसींवा पुलिस की टीम परसतराई इलाके में नहर पुलिया के पास गश्त कर रही थी। तभी सामने से टाटा मैजिक आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने उसे आगे ले जाने के बजाय पीछे करना शुरू कर दिया।

पूछताछ में उसने खुद को रावाभाठा निवासी बताया और कहा कि गाड़ी बुकिंग में चल रही है। उसके साथ एक और व्यक्ति भी था। इसी दौरान बाइक से दो युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक ने खुद को रावाभाठा का जिला अध्यक्ष बताया। दोनों बाइक सवार आगे निकल गए, जबकि टाटा मैजिक वहीं पुलिस से बचने की कोशिश करती रही।

रास्ता रोकने पर बस्ती की तरफ दौड़ा दी गाड़ी

संदेह बढ़ने पर पुलिस ने मुरेठी रोड की तरफ पेट्रोलिंग वाहन खड़ा कर रास्ता रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही चालक ने टाटा मैजिक को तेज रफ्तार से परसतराई बस्ती की तरफ दौड़ा दिया।

पुलिस ने पीछा किया। कुछ दूर जाकर शीतला मंदिर के पास चालक ने गाड़ी रोक दी। इसके बाद वह और उसके साथ मौजूद व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गए। पुलिस ने दोनों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।

गाड़ी के अंदर चादर खोली तो सामने थी लाश

दोनों के फरार होने के बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। अंदर एक व्यक्ति चादर से बंधा पड़ा था। उसका एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था। जांच करने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

शव को चादर में बांधकर ले जाने की स्थिति ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया। पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

गाड़ी पर लिखे मोबाइल नंबर से मिला सुराग

पुलिस ने टाटा मैजिक पर लिखे मोबाइल नंबर की जांच की। यह नंबर संजय उर्फ मोरध्वज चौहान, निवासी रावाभाठा, थाना खमतराई से जुड़ा मिला है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि गाड़ी किसकी है, उसे किसने बुक किया था और शव को कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस फरार दोनों लोगों की तलाश भी कर रही है।

कुछ अहम सुराग हाथ लगे

जांच में घटना से संबंधित जगह खमतराई थाना क्षेत्र की पाए जाने के बाद मर्ग कायम किया गया है। मर्ग डायरी आगे की जांच के लिए खमतराई थाना भेजी गई है। पुलिस मृतक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश कर रही है।

साथ ही टाटा मैजिक और उसमें सवार लोगों के बीच कनेक्शन की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button