घानाघाट पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोप, सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग
Allegations of corruption in Ghanaghat Panchayat; demand for a no-confidence motion against the Sarpanch.

जिला संवाददाता मुंगेली

मुंगेली । ग्राम पंचायत घानाघाट में भ्रष्टाचार के आरोप, सरपंच श्रीमती महंतीन बाई के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग।।लोरमी जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत घानाघाट में पंचायत कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उप सरपंच एवं पंचगणों ने पंचायती राज अधिनियम के तहत सरपंच को हटाने की मांग की है। इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत घानाघाट की सरपंच श्रीमती महंतीन बाई के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी को शिकायत पत्र सौंपा गया है।

शिकायत में उप सरपंच एवं पंचों ने आरोप लगाया है कि सरपंच द्वारा पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है तथा उनके पति सरपंच प्रतिनिधि गोवर्धन गंधर्व द्वारा पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप किया जाता है। आरोप है कि पंचायत के सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है और पंचों एवं उप सरपंच को कार्यों की जानकारी नहीं दी जाती।

ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से शासकीय राशि निकाली गई है तथा पंचायत के विकास कार्यों में लापरवाही बरती गई है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कई कार्य अधूरे पड़े हैं।
शिकायत में ग्राम के सामुदायिक भवन की राशि का दो वर्षों से हिसाब-किताब नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फर्जी नाली निर्माण एवं फर्जी सीसी रोड निर्माण जैसे मामलों की भी जांच की जानी चाहिए।
उप सरपंच, पंचगण एवं ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायत पत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर किए गए हैं तथा ग्रामिणों तीन दिवसीय के भीतर कार्यवाही करने की बात कही है



