मध्यप्रदेश

बाढ़ पीड़ितों से मिले कमिश्नर-कलेक्टर, सर्वे जल्द पूरा कर राहत राशि बांटने के निर्देश

Commissioner and Collector meet flood victims; instructions issued to complete the survey quickly and distribute relief funds.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

पचामा और राजापुर में प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, जवा के भनिगवां में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का भी लिया जायजा

रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह और कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने गुरुवार को त्योंथर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित पचामा और राजापुर गांव का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। अधिकारियों ने बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए सर्वे कार्य जल्द पूरा कर पात्र हितग्राहियों को राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए।

पचामा की बसोरन बस्ती में कमिश्नर और कलेक्टर ने प्रभावित परिवारों के घर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कमिश्नर ने एसडीएम और तहसीलदार को प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सर्वे दल तैनात कर मकान, घरेलू सामग्री और फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पात्र बाढ़ पीड़ितों को आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। धारणाधिकार योजना के तहत पात्र लोगों को पट्टे जारी कर नगर पंचायत के माध्यम से आवास योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी तेज की जाए। अधिकारियों ने गुजरतिया बाई और हरिलाल के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी।

कमिश्नर और कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें दो माह का खाद्यान्न और नमक उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को संतोषजनक पाया।

इसके बाद अधिकारियों ने टमस नदी के किनारे बसे राजापुर गांव का भ्रमण किया। यहां बाढ़ से प्रभावित छह घरों के रहवासियों को सुरक्षित स्थान पर आवासीय पट्टे देने के निर्देश तहसीलदार को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सर्वे दल प्रत्येक प्रभावित परिवार के घर जाकर संवेदनशीलता के साथ नुकसान का आकलन करे और शासन के मापदंडों के अनुसार राहत राशि का वितरण किया जाए। राहत राशि देने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

जवा में 31 मकान आंशिक क्षतिग्रस्त

कमिश्नर और कलेक्टर ने जवा तहसील के भनिगवां गांव के बजरा टोला में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। एसडीएम पीयूष भट्ट ने बताया कि गांव में बाढ़ का प्रकोप नहीं था, लेकिन लगातार बारिश के कारण पुरानी गढ़ी की दीवार गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। गांव का सर्वे पूरा हो चुका है, जिसमें 31 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पाए गए हैं।

कमिश्नर ने एसडीएम को पूरी जवा तहसील में बाढ़ और अतिवृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे शीघ्र पूरा कराने तथा पात्र पीड़ितों को राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम राकेश कुमार चौरसिया, तहसीलदार राजेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button