छत्तीसगढ़

रायपुर-कांकेर सफर बना आखिरी सफर, बालोद में महिला बाइकर की मौत

Raipur-Kanker journey proves fatal; female biker dies in Balod.

बालोद। जिले से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे-30 पर पुरूर थाना क्षेत्रान्तर्गत मरकाटोला घाट के पास बुधवार सुबह करीबन 6 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में मुंबई की महिला बाइक राइडर की दर्दनाक मौत हो गई। रायपुर से कांकेर की ओर जा रहे करीब 20 बाइक राइडर्स के समूह में शामिल रिद्धि ठक्कर (24) की बाइक को सामने से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथी बाइक राइडर्स और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

एक साथ निकला था बाइकर्स का ग्रुप

प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 अगस्त की सुबह करीब 20 बाइक राइडर्स का समूह रायपुर से कांकेर की ओर रवाना हुआ था। सभी बाइकर्स एक साथ यात्रा कर रहे थे। धमतरी पार करने के बाद करीब 17 बाइक राइडर्स आगे निकल गए, जबकि तीन राइडर्स कुछ दूरी पीछे रह गए। इसी दौरान पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरकाटोला घाट के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे ट्रेलर ने पीछे चल रही रिद्धि ठक्कर की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिद्धि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

साथी और स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता-

हादसे के तत्काल बाद साथ चल रहे बाइक राइडर्स और स्थानीय लोगों ने घायल रिद्धि की मदद की। डायल-112 की सहायता से उन्हें उपचार के लिए चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल धमतरी के जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच की, लेकिन तब तक रिद्धि की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुंबई से बाइक लेकर पहुंची थीं रायपुर-

मृतका की पहचान रिद्धि ठक्कर, निवासी कांदिवली, मुंबई वेस्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बाइक क्रमांक एमएच 12 एसपी 0835 से रायपुर पहुंची थीं। इसके बाद वह बाइक राइडर्स के समूह के साथ कांकेर की ओर रवाना हुई थीं। यह यात्रा उनके लिए जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुई। मृतका की सहेली और रायपुर निवासी अमिता बैस ने पुलिस को बताया कि वह, रिद्धि और एक अन्य साथी बाइक राइडर समूह के बाकी सदस्यों से पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास सामने से आए ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ट्रेलर और चालक की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दुर्घटना में शामिल ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, टक्कर के समय वाहनों की गति क्या थी और दुर्घटना के लिए कौन-सी परिस्थितियां जिम्मेदार रहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया है।

मुंबई से रायपुर पहुंचेंगे परिजन

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजनों के मुंबई से रायपुर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को रायपुर एयरपोर्ट तक पहुंचाया जाएगा, जहां परिजन शव को प्राप्त कर आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

घाट क्षेत्र में सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर मरकाटोला घाट क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही के बीच घाट और मोड़ वाले क्षेत्रों में सावधानी बेहद जरूरी है। फिलहाल पुरूर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button