जर्जर सड़क पर उतरे वार्डवासी, गड्ढों में रोपा धान और जताया विरोध
Ward residents took to the dilapidated road, planted paddy in the potholes, and registered their protest.

सूरजपुर : सड़क पर गहरे गड्ढे, चारों ओर कीचड़ और बदहाल आवागमन… बारिश में जब सड़क की हालत तालाब जैसी हो गई तो वार्डवासियों का सब्र भी जवाब दे गया। नगर पंचायत प्रेमनगर के वार्ड क्रमांक 12 में लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान लोगों ने जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने सड़क पर ही धान का रोपा लगाकर नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
राजेश जगते के नेतृत्व में किए गए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने से पैदल चलना मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वार्डवासियों का कहना है कि सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। कीचड़ और गड्ढों के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है, वहीं जरूरत के समय मरीजों को अस्पताल तक ले जाना भी चुनौती बन जाता है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार शिकायतों के बाद भी जब सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो उन्होंने प्रशासन को समस्या की गंभीरता दिखाने के लिए सड़क पर ही धान का रोपा लगाने का निर्णय लिया।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी-
राजेश जगते ने कहा कि वार्ड की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधा के लिए परेशान है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से वार्ड क्रमांक 12 की सड़क का तत्काल निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत अथवा निर्माण कार्य कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो वार्डवासियों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


