हरेली की खुशियां मातम में बदलीं, मुर्गी के विवाद में भाई ने भाई पर किया हमला
Hareli celebrations turn to mourning; brother attacks brother over a dispute involving a chicken.

बिलासपुर: हरेली त्योहार पर पकवान और मांस पकाने को लेकर दो भाइयों के बीच उपजा विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को तत्काल सिम्स में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।
सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौकी अंतर्गत ग्राम चिल्हाटी निवासी सूरज धनवार रोजी-मजदूरी करते हैं। उनके परिवार में वे तीन भाई हैं और तीनों अपने-अपने परिवारों के साथ अलग-अलग रहते हैं। प्रार्थी सूरज ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को हरेली त्योहार के अवसर पर उनका छोटा भाई रुपेश धनवार घर में पकाने के लिए एक मुर्गा लेकर आया था। इसी दौरान उनका बड़ा भाई गौतम भी अपने हिस्से का मुर्गा लेकर पहुँचा।
बताया जा रहा है कि रुपेश का लाया हुआ मुर्गा बड़ा था, जबकि गौतम का मुर्गा आकार में थोड़ा छोटा था। इस बात को लेकर गौतम की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने गौतम पर ताना कसते हुए रुपेश की तरह ही बड़ा मुर्गा लाने के लिए दबाव डाला।
विरोध करने पर बरसाए चाकू:
दूसरों के ताने सुनने के बाद बड़ा भाई गौतम गुस्से से आगबबूला हो गया और उसने सीधे छोटे भाई रुपेश से विवाद करना शुरू कर दिया। जब रुपेश ने इसका विरोध किया, तो गुस्से में अंधे हो चुके गौतम ने धारदार हथियार (चाकू) निकालकर रुपेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में रुपेश बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
स्वजन ने तुरंत घायल रुपेश को उठाकर बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मोपका पुलिस अस्पताल पहुँचकर घायल के बयान दर्ज करने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुट गई है।



