मध्यप्रदेश

कांवड़ यात्रा में दिखती है आस्था और सामाजिक एकता: मुख्यमंत्री

Faith and social unity are evident in the Kanwar Yatra: Chief Minister

प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए समुचित प्रबंधन कर रही है राज्य सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की प्रदेशवासियों के मंगल की कामना
मुख्यमंत्री दादा गुरु के साथ कांवड़ उठाकर यात्रा में हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर किया स्वागत और अभिनंदन

भोपाल :  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए सभी समुचित प्रबंधन कर रही है। सावन का पवित्र माह भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पर्व है। मां नर्मदा का जल लेकर निकले कांवड़ यात्रियों का उत्साह अतुलनीय है। संस्कार कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भगवान शिव की भक्ति से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो और प्रदेशवासियों का जीवन मंगलमय हो, यही कामना है। कांवड़ यात्रियों को यथा-योग्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश के धर्म स्थलों पर सभी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। संस्कारधानी जबलपुर से शुरू हुई संस्कार कांवड़ यात्रा अद्भुत है, जिसमें पूज्य दादा गुरु के साथ हजारों कांवड़िये भक्ति भाव से साधना के मार्ग पर चल रहे हैं। पूज्य दादा गुरु अन्न छोड़कर केवल नर्मदा मैया का जल गृहण कर स्वस्थ जीवन जी रहे है। उनका त्याग और तपस्या सभी के लिए अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सावन के दूसरे सोमवार को जबलपुर की संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री दादा गुरू के साथ कांवड़ उठाकर संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कांवड़ियों तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया।

मां नर्मदा के हर कंकर में शंकर दिखाई देते हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी कांवड़ियों और प्रदेशवासियों को पवित्र श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के धर्म के प्रति प्रेम से वातावरण भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कांवड़ यात्रियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि श्रावण सोमवार के पावन अवसर पर शिव भक्त कांवड़िये नर्मदा मैया का जल लेकर अपना संकल्प पूरा करने के लिए निकले हैं। मां नर्मदा के हर कंकर में शंकर दिखाई देते हैं।

पर्व और त्योहार जीवन में उत्साह, उमंग और उल्लास का करते हैं संचार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्व और त्योहार हमारे जीवन में उत्साह, उमंग और उल्लास का संचार करते हैं। परमात्मा हमें चुनौतियों का सामना करने की सामर्थ्य प्रदान करते हैं। जीवन की पवित्रता के माध्यम से परामात्मा तक पहुंचा जा सकता है। ईश्वर सभी प्रदेशवासियों की मनोकामनाएं पूर्ण करें।

कांवड़ यात्रा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, जबलपुर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अशोक रोहाणी, विधायक श्री सुशील तिवारी इंदु, विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय, विधायक श्री नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आशा मुकेश गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, पूर्व विधायक श्री नीलेश अवस्थी, श्री सोनू बचवानी एवं श्री रंजीत पटेल, काँवड़ यात्रा के संयोजक श्री शिव यादव भी शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button