छत्तीसगढ़

कांस्य प्रतिमा के नाम पर सीमेंट का खेल

A cement charade in the name of a bronze statue.

कोरबा। नगर पालिका, कटघोरा में अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा का रंग तेज वर्षा से उतर गया। रंग उतरने के बाद स्पष्ट हुआ कि प्रतिमा का निर्माण कांसे की धातु से होना था, लेकिन उसे सीमेंट से निर्मित कर कांसे के रंग से रंग दिया गया।

हंगामा होने के बाद पालिका के उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को निलंबित किया गया है। बताया गया कि प्रतिमा स्थापना के लिए ठेकेदार को 13 लाख रुपये व अटल परिसर के लिए कुल 30 लाख रुपये का भुगतान किया गया था।

प्रतिमा स्थापना में एक वर्ष का समय भी नहीं बीता है। बुधवार को रंग निकलने के बाद मामला सामने आया। इस मामले को लेकर जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अटल परिसर के सामने धरने दिया।

बस्तर में राहत, लेकिन रास्ते अब भी बंद

उफनती इंद्रावती नदी अब शांत हो रही है, लेकिन इसके पीछे टूटी सड़कें, कटे हुए गांव और बाढ़ की अनगिनत कहानियां हैं। बीएसएफ के जवानों ने पेड़ों और छतों पर 16 घंटे बिताए, जबकि राहत दल ने बाढ़ के बीच जन्मे नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। बारिश थमने के बाद हालात में सुधार हो रहा है, लेकिन महाराष्ट्र और तेलंगाना से बस्तर का संपर्क अभी भी बहाल नहीं हो सका है।

बासागुड़ा-तारलागुड़ा मार्ग अभी भी बंद

बीजापुर जिले में गुरुवार रात से स्थिति में सुधार आ रहा है। गंगालूर, तोयनार और कुटरू मार्ग पर आवाजाही शुरू हो गई है, लेकिन बासागुड़ा-तारलागुड़ा मार्ग अभी भी बंद है। तिमेड़ से महाराष्ट्र जाने वाला मार्ग और रामपुरम के पास तेलंगाना की ओर जाने वाली सड़क पानी में डूबी हुई है। सोमनपल्ली के पास सड़क संपर्क बाधित होने से सिरोंचा का रास्ता भी बंद है, जिससे सिरोंचा और हैदराबाद जाने वाली बसें बीजापुर में खड़ी हैं।

इंद्रावती नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा

इंद्रावती नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है। शुक्रवार शाम तक भोपालपटनम के तिमेड़ पुल पर जलस्तर 16.94 मीटर से घटकर 16.80 मीटर दर्ज किया गया। नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा कम हो रहा है, फिर भी प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बाढ़ के बीच साहस और धैर्य की कहानियां भी सामने आई हैं। बीजापुर जिले के डल्ला गांव में एक महिला ने नवजात को जन्म दिया, जिसे सुरक्षित निकालना बड़ी चुनौती थी।

दोनों ओर की सड़क बहने से संपर्क टूटा

नारायणपुर के हुच्चाकोट गांव में पुलिया के दोनों ओर की सड़क बह जाने से संपर्क टूट गया। ग्रामीण बाइक कंधे पर उठाकर उफनते नाले को पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने पुलिया और सड़क की मरम्मत की मांग की है।

Related Articles

Back to top button