बिलासपुर: मामा-मामी की प्रताड़ना बनी आत्महत्या की वजह!
Bilaspur: Harassment by maternal uncle and aunt led to suicide!

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के हिर्री में रहने वाले युवक से उसके मामा-मामी ने नौकरी लगाने के नाम रुपये ले लिए। जब नौकरी नहीं लगी तब युवक ने अपने रुपये वापस मांगे। तब मामी ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इससे परेशान युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपित मामा-मामी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने कार्रवाई की जा रही है।
मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम हिर्री में रहने वाले राहुल साहू(22) ने नौ मार्च 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। पीएम के बाद पुलिस ने राहुल की मां संतोषी साहू, पिता रमेश साहू और बहन देवकुमारी का बयान लिया। अपने बयान में स्वजन ने बताया कि लिमतरा के पिहरीपारा में रहने वाला इंद्रकुमार उर्फ भवानी वैष्णव संतोषी साहू का रिश्तेदारी में भाई लगता है।
रिश्तेदारी में होने का फायदा उठाते हुए भवानी और उसकी पत्नी अंबिका वैष्णव ने राहुल की नौकरी रेलवे कैंटीन में नौकरी लगाने की बात कही। रिश्तेदारी में होने के कारण रमेश और उनके बेटे राहुल ने भवानी और अंबिका को रुपये दे दिए। करीब एक साल तक नौकरी नहीं लगने पर राहुल ने अपने रुपये वापस मांगे।तब आरोपित टालमटोल करते रहे। जब राहुल ने अपने रुपयों के लिए दबाव बनवाया तब अंबिका ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इससे राहुल परेशान हो गया। उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जांच और स्वजन के बयान के आधार पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने कार्रवाई की जा रही है।



