दीपक बैज ने प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, राज्यपाल को सौंपेंगे आवेदन
Deepak Baij met with the affected families and will submit a memorandum to the Governor.

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर वीआईपी चौक स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे सीधे नकटी गांव पहुंचे, जहां बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और 15 जुलाई को प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा की।
कांग्रेस 15 जुलाई को प्रभावित परिवारों के साथ पदयात्रा निकालकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। पार्टी का कहना है कि नकटी के विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाने और उनकी मांगों को राज्यपाल तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है।
पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर राजभवन (लोकभवन) तक जाएगी। पार्टी ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय भी मांगा है और इस संबंध में राजभवन को रिमाइंडर पत्र भेजा गया है। कांग्रेस को 15 जुलाई को राज्यपाल से मुलाकात की उम्मीद है।
सोमवार को बनी थी रणनीति
इससे पहले सोमवार को राजीव भवन में पदयात्रा की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई थी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने पदयात्रा की रूपरेखा पर चर्चा की और नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी थीं।
कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि नकटी गांव में प्रभावित परिवारों के साथ अन्याय हुआ है। पार्टी विधानसभा से लेकर सड़क तक इस मुद्दे को उठाने की रणनीति पर काम कर रही है। बुधवार को प्रस्तावित पदयात्रा को कांग्रेस के आंदोलन का अगला बड़ा चरण माना जा रहा है।


