दुर्ग में युवक की पीट-पीटकर हत्या, अस्पताल से भागा आरोपी
Youth beaten to death in Durg; accused escapes from hospital.

दुर्ग। भिलाई-दुर्ग की शांत फिजा में रविवार की रात एक बार फिर हिंसा का तांडव हुआ। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। यह वारदात किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी या अचानक हुए विवाद का परिणाम, पुलिस फिलहाल इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:00 से 9:30 बजे के बीच कुंदरापारा में दो गुटों के बीच किसी पुरानी रंजिश या मामूली बात पर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। हमलावरों ने मृतक लेखराम कोठारी को घेर लिया और उस पर ईंट, पत्थरों और डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार किए। लेखराम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गंभीर चोटों के चलते उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक का रहा है अपराध रिकार्ड
मृतक लेखराम कोठारी का आपराधिक इतिहास रहा है। सूत्रों की मानें तो वह महज एक दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। क्या यह हत्या किसी पुरानी अदावत का बदला है? पुलिस इस दिशा में भी साक्ष्यों को खंगाल रही है कि क्या जेल से छूटने के बाद ही उसकी रेकी की जा रही थी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। हालांकि, इसके बाद जो हुआ उसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान हिरासत में लिए गए दो आरोपियों में से एक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल हो गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके आपराधिक कनेक्शन की पुष्टि कर रही है। इसके साथ ही जेल से छूटने के बाद लेखराम की गतिविधियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। वहीं हिरासत से आरोपी के फरार होने के मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही की जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


