छत्तीसगढ़

मानिकपुर हादसा: एक की मौत, सात घायल

Manikpur accident: One dead, seven injured.

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के बाबा बछराज कुंवर धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार शुक्रवार रात मानिकपुर जंगल में हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार में जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा

झारखंड के गढ़वा जिले के ग्राम चिनिया निवासी श्रद्धालु अर्टिगा वाहन से बाबा बछराज कुंवर धाम में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर जंगल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

एक की मौत, सात घायल

दुर्घटना में चिनिया निवासी जितन तुरी (55) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में राजेश तुरी (38), संदीप तुरी (20), जयप्रकाश यादव (32), विनोद तुरी (35), प्रभुनाथ (65), अनिल तुरी (31) तथा सुनी तुरी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दो घायलों की हालत गंभीर

बताया गया कि वाहन मालिक जयप्रकाश यादव स्वयं कार चला रहे थे। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वहीं राजेश तुरी की हालत भी नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम दोनों घायलों की लगातार निगरानी कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने एक श्रद्धालु की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button