मध्यप्रदेश

बरगद के नीचे सजी कलेक्टर की रात चौपाल, सीमावर्ती गांव कूड़ी में अफसरों संग पहुंचे नरेंद्र सूर्यवंशी

Collector's night meeting held under a banyan tree; Narendra Suryavanshi arrived with officials at the border village of Kudi.

रीवा मप्र | रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

नॉन एसी बस से दूरस्थ गांव पहुंचे कलेक्टर, बिजली, राजस्व, राशन और पेंशन की शिकायतों पर मौके से दिए सख्त निर्देश; 20 को जाति प्रमाण पत्र, 4 हितग्राहियों को पेंशन का वितरण

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का जमीनी हाल जानने और ग्रामीणों से सीधे संवाद के उद्देश्य से रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने त्योंथर के उत्तर प्रदेश सीमा से लगे दूरस्थ गांव कूड़ी में बरगद के पेड़ के नीचे रात चौपाल लगाई। खास बात यह रही कि कलेक्टर अधिकारियों के साथ नॉन एसी बस से गांव पहुंचे और देर रात तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

 

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बिजली की जर्जर केबल, बार-बार फॉल्ट, मीटर न लगने, सीमांकन, बंटवारा, राशन, पेंशन और पेयजल जैसी समस्याएं उठाईं। कलेक्टर ने बिजली विभाग को तत्काल केबल बदलने, गांव में शिविर लगाकर सभी घरों में मीटर लगाने तथा झुके बिजली खंभों और लटके तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

 

राजस्व मामलों में लापरवाही पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी को कड़ी चेतावनी देते हुए समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने को कहा। वहीं दो मामलों में अवैध कब्जा तत्काल हटाने के निर्देश एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर ही दिए।

 

कलेक्टर ने प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर बच्चों से पहाड़े सुने और शिक्षा व्यवस्था पर संतोष जताते हुए स्कूल भवन की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों में टीकाकरण और टेक-होम राशन वितरण की जानकारी भी ली।

 

चौपाल में ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी आवेदनों का तय समय-सीमा में निराकरण होगा और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक हर हाल में पहुंचाया जाएगा।

 

इस दौरान गांव की युवती दिव्या सिंह ने कहा कि “आजादी के बाद पहली बार कोई कलेक्टर हमारे गांव आया है। यदि ऐसे दौरे लगातार होते रहें तो गांव की व्यवस्थाएं और बेहतर होंगी।”

 

चौपाल में 20 ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र और चार हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति का लाभ भी दिया गया। कार्यक्रम में एसडीएम त्योंथर राकेश कुमार चौरसिया सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button