छत्तीसगढ़

गंगालूर में जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे ग्रामीण

Villagers risking their lives to cross the river in Gangalur.

बीजापुर। जिले में लगातार हो रही बारिश से गंगालूर क्षेत्र के नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है। चोखनपाल से गंगालूर मार्ग पर कई स्थानों पर पुल-पुलियों का अभाव होने से ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। कई लोग मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर को नदी-नालों से पार कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि चोखनपाल, मर्रीवाड़ा, गोंगला, कमकानार, मेटापाल, चिन्नाजोजेर, पदमुर और पेद्दाजोजेर सहित आधा दर्जन से अधिक गांव बरसात में टापू बन जाते हैं। दैनिक उपयोग की सामग्री के लिए लोगों को गंगालूर और रेड्डी तक जोखिम भरा सफर करना पड़ता है।

विद्यार्थियों, मरीजों को हो रही परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि पुल-पुलियों के अभाव में किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन से शीघ्र पुल-पुलियों का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से अपील की है कि उफनते नदी-नालों को पार करने वाले लोगों को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

चारामा में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर आया पानी

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चारामा शहर का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। नगर के बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर करीब एक फीट तक पानी जमा होने से यह मुख्य मार्ग तालाब में तब्दील नजर आ रहा है। पानी भरने के कारण वाहन चालकों, राहगीरों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं तो चार पहिया वाहन भी धीमी गति से निकलने को मजबूर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button