छत्तीसगढ़

दोना-पत्तल मशीन के बहाने लाखों की ठगी

Fraud worth lakhs under the pretext of a leaf-plate making machine business

रायपुर। राजधानी रायपुर में दोना-पत्तल बनाने की मशीन लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर युवक से 2.95 लाख रुपए की ठगी की गई है। आरोप है कि मशीन के साथ कच्चा माल देने का वादा किया गया था, लेकिन न मशीन दी गई और न ही कच्चा माल मुहैया कराया गया।

पीड़ित ने सरोना स्थित उड़ान मशीनरी (नुमान्ता केयर प्रा. लि.) के संचालक शैलेन्द्र कुमार रजक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का नाम चंद्रहास वर्मा है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।

बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा निवासी चंद्रहास वर्मा ने शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में उन्होंने सोशल मीडिया पर दोना-पत्तल बनाने की मशीन से रोजगार और अच्छी कमाई का विज्ञापन देखा था।

विज्ञापन देखने के बाद चंद्रहास ने कंपनी संचालक शैलेन्द्र रजक से संपर्क किया। आरोप है कि संचालक ने मशीन देने के साथ कच्चा माल मुहैया कराने, तैयार दोना-पत्तल तय कीमत पर वापस खरीदने और मशीन खराब होने पर एक साल तक मुफ्त टेक्नीशियन भेजने का भरोसा दिया।

इन वादों पर भरोसा कर चंद्रहास ने 19 मार्च 2026 को मशीन और दो टन कच्चे माल के लिए 2.56 लाख रुपए की योजना ली। इसमें 60 प्रतिशत रकम ऋण के जरिए जमा की गई, जबकि बाकी राशि किस्तों में देने का समझौता हुआ।

इसके अलावा दो टन कच्चे माल की सुरक्षा राशि के नाम पर 1.46 लाख रुपए भी जमा कराए गए। इस तरह आरोपी ने कुल 2.95 लाख रुपए ले लिए।

न मिला कच्चा माल, न शुरू हुई खरीद

पीड़ित का आरोप है कि पैसे लेने के बाद कंपनी ने न तो वादा किया गया कच्चा माल दिया और न ही तैयार दोना-पत्तल खरीदने की प्रक्रिया शुरू की। शिकायत के अनुसार, मशीन चलने के करीब एक घंटे बाद ही खराब हो गई। इसके बाद कई बार शिकायत करने पर भी कंपनी ने न कोई टेक्नीशियन भेजा और न ही समस्या का समाधान किया।

फोन उठाना भी कर दिया बंद

पीड़ित का आरोप है कि बार-बार संपर्क करने पर केवल आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में कंपनी संचालक ने फोन उठाना भी बंद कर दिया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

रोजगार का लालच देकर ठगी का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने पहले से योजना बनाकर रोजगार और अच्छी कमाई का लालच दिया और उससे ठगी की।

पीड़ित का यह भी कहना है कि इसी तरह कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई है। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button