छत्तीसगढ़

रायपुर में ताबड़तोड़ दबिश, 8 अरेस्ट

Rapid-fire raids in Raipur; 8 arrested.

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने 96 घंटे का विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर, हरप्रीत सिंह मट्टू, ऋषि साहू, महावीर जैन, मीर कुरैशी उर्फ विक्की और गुलाब कंडरा समेत कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया।

इनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। आरोपितों के कब्जे से हेरोइन, एमडी ड्रग, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, गांजा, नकदी और मोबाइल जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है।

संयुक्त टीम ने कई इलाकों में की कार्रवाई

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने टिकरापारा, सिविल लाइन, न्यू राजेंद्र नगर, खमतराई और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। पुलिस ने नशे के स्थानीय नेटवर्क को निशाना बनाते हुए अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अब तक एनडीपीएस एक्ट के 49 मामलों में 113 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इस दौरान 2.63 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर के पास मिली एमडी ड्रग

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शांति नगर स्थित शिव मंदिर के पास मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर अफसर कादर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई।

अफसर कादर मौदहापारा थाना का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, ब्लैकमेलिंग, छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

नया बस स्टैंड के पास हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार

टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाठागांव स्थित नया बस स्टैंड के पास पुलिस ने हरप्रीत सिंह मट्टू और ऋषि साहू को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों के कब्जे से 8.75 ग्राम हेरोइन और बिक्री की रकम बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों नशे की खेप बेचने की तैयारी में थे।

वहीं न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित खुशी वाटिका के पास पुलिस ने महावीर जैन को गिरफ्तार किया। उसके पास से 198 नशीली गोलियां, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।

खमतराई और डीडी नगर में गांजा जब्त

खमतराई बाजार के पास पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। उसके कब्जे से 1.8 किलोग्राम गांजा और मोबाइल बरामद किया गया।

इसी तरह डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना शक्तिघाट स्थित आम बगीचा के पास पुलिस ने गुलाब कंडरा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.2 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

प्रतिबंधित टेबलेट के साथ दो पकड़े गए

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांधी उद्यान और कैनाल रोड इलाके में पुलिस ने मीर कुरैशी उर्फ विक्की और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। दोनों के कब्जे से 40 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गईं। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क की आगे जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button