सायरन बजाते पहुंची डायल 112, ठेके से शराब मंगाते कैमरे में कैद कांस्टेबल सस्पेंड
Dial 112 arrived with sirens blaring, constable caught on camera ordering liquor from a liquor shop suspended

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा (मनगवां)। पुलिस विभाग की छवि को झटका देने वाला एक मामला मनगवां थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां डायल 112 वाहन में तैनात एक कांस्टेबल शराब दुकान से बीयर और शराब मंगाते कैमरे में कैद हो गया। वीडियो वायरल होते ही विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया।

सायरन बजता रहा, ठेके पर ‘खातिरदारी’ चलती रही
घटना गंगेव चौकी क्षेत्र की एक शराब दुकान की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि डायल 112 वाहन सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार में पहुंचता है और सीधे ठेके के सामने रुक जाता है। हैरानी की बात यह रही कि वाहन का सायरन लगातार बजता रहा, जबकि कुछ ही देर में दुकान से एक व्यक्ति बीयर और शराब की बोतलें लेकर बाहर आया और वाहन में बैठे पुलिसकर्मी को थमा गया। इसके बाद डायल 112 वाहन मौके से रवाना हो गया।
कैमरे में कैद हुई करतूत, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे और आमजन में नाराजगी फैल गई।
एसपी गुरकरन सिंह ने लिया संज्ञान, तत्काल एक्शन
मामला संज्ञान में आते ही एसपी गुरकरन सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई और जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी मनगवां एसडीओपी को सौंपी गई।
दोषी पाए जाने पर कांस्टेबल सस्पेंड
प्राथमिक जांच में आरोपी कांस्टेबल दोषी पाया गया, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा का बयान
एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि एसपी के निर्देश पर जांच कराई गई थी, जिसमें दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
जांच जारी, और भी हो सकती है कार्रवाई
एसपी ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है। यदि इसमें अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति भी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



