बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
Balrampur Police's major action: Illegal drug trade busted, one accused arrested

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी)/जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 की रात करीब 1 बजे थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से गढ़वा की ओर से अंबिकापुर की तरफ भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर एमसीपी लगाकर जांच शुरू की।
इसी दौरान रामानुजगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाकर फरार होने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसमें एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को मोटरसाइकिल और संदिग्ध सामग्री के साथ पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 481 नग Buprenorphine Injection एवं 504 नग Pheniramine Maleate Injection बरामद किए गए। बरामद सामग्री को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मामले में आरोपी राहुल गुप्ता (25 वर्ष) निवासी ग्राम नर्मदापुर, थाना कमलेश्वरपुर, जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 21(b) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।



