पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
Congress protests against rising petrol and diesel prices
लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट को लेकर कांग्रेस ने एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रेम सोनवानी व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित मिरी की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंपों के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने गले में खाली बोतल लटकाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
गरियाबंद शहर के पेट्रोल पंपों के सामने आयोजित इस एक दिवसीय प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैनर, तख्तियां और स्लोगन के जरिए पेट्रोल-डीजल की महंगाई के खिलाफ विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम जनता आर्थिक दबाव झेल रही है। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दाम कम करने और कीमतें वापस लेने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



