“झलरी पंचायत के सरपंच गुलशन बंजारे की भव्य शादी ने पूरे क्षेत्र में उत्सव की लहर फैलाई”
“The grand wedding of Jhalari Panchayat Sarpanch Gulshan Banjare spreads a wave of celebration across the region”

जिला संवाददाता मुंगेली
माखनसिंह
लोरमी।इतिहास में पहली बार ग्राम पंचायत झलरी के सरपंच गुलशन बंजारे की शादी में ऐसा जनसैलाब देखने को मिला, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी की लहर फैला दी। करीब 1000 बारातियों के साथ निकली इस भव्य बारात में लोग खुशी से झूम उठे। बारातियों ने दूल्हे को कंधों पर उठाकर डीजे की धुन पर जमकर नाच-गाना किया और पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया।
लगभग 50 गाड़ियों के काफिले के साथ निकली यह बारात हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र रही। सरपंच गुलशन बंजारे, जो अपने मिलनसार स्वभाव, विकास कार्यों में सक्रियता और शिक्षित व्यक्तित्व के लिए जाने जाते हैं, उनके प्रति सभी समाजों के लोगों का स्नेह इस भीड़ में साफ नजर आया।
बारात के दौरान मानव दशहरे दिवाली जैसा दृश्य देखने को मिला, जब आसमान में रंग-बिरंगे पटाखों की बौछार होने लगी। चारों ओर रोशनी ही रोशनी छा गई और आतिशबाजी की गूंज से माहौल और भी भव्य व रोमांचक हो उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा आकाश इस खुशी में शामिल हो गया हो।
गांव-गांव से आए लोगों ने इस ऐतिहासिक बारात में शामिल होकर इसे यादगार बना दिया। हर कोई इस खुशी के मौके पर झूमता नजर आया और बारातियों ने खुलकर नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया।
वहीं वधू पक्ष भरेवापारा में भी बारात का भव्य स्वागत किया गया। दुल्हन हेमलता बंजारे और उनके परिवार ने इस मौके को भावुक और आनंदमय बताया। लोगों ने इस जोड़ी को ‘रब ने बना दी जोड़ी’ कहकर शुभकामनाएं दीं।
इस शादी ने न केवल एक सामाजिक आयोजन का रूप लिया, बल्कि यह आपसी प्रेम, एकता और सम्मान का भी प्रतीक बन गई, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती रहेगी।



