खेल/मनोरंजन

छत्तीसगढ़ में CCPL: बड़े खिलाड़ी दिखाएंगे अपने जलवे

CCPL in Chhattisgarh: Big players will showcase their talent

राजनांदगांव। रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता इस बार दोगुने उत्साह के साथ होने जा रही है। जून के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ की नामी टीमों के बीच दिग्विजय स्टेडियम में दुधिया रोशनी के बीच छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) का रोमांच देखने को मिलेगा।

इसमें आईपीएल में खेल चुके कई बड़े खिलाड़ी भी जलवा बिखेरेंगे। सोनी स्पोर्ट्स चैनल पर इसका लाइन प्रसार भी होगा।
जिला क्रिकेट संघ ने सीसीपीएल की तैयारी शुरू की

हालांकि स्टेडियम की डेढ़ दशक पुरानी फ्लड लाइट को पहले बदलना होगा। साथ ही बिजली संबंधी अन्य अधूरे कामों को भी पूरा कराना होगा। यह अभी शासन स्तर पर लंबित है। आईपीएल मई अंत तक चलेगा। उसके पहले जिला क्रिकेट संघ ने सीसीपीएल की तैयारी शुरू कर दी है।

देशभर की आठ-10 टीमों के शामिल होने की संभावना

यह आयोजन का तीसरा वर्ष होगा। इसमें देशभर की आठ-10 टीमों के शामिल होने की संभावना है। अभी सभी आईपीएल में व्यस्त हैं। रानी सूर्यमुखी देवी स्मृति यह प्रतियोगिता गत वर्ष सात से 15 फरवरी के मध्य कराया गया था। इस बार प्रतियोगिता में सबसे बड़ी बाधा फ्लड लाइट की है।
राज्य सरकार के बजट में 6.70 करोड़ रुपये का प्रविधान

दिग्विजय स्टेडियम में लगी अधिकांश लाइटें या तो खराब हैं या फिर जर्जर स्थिति में हैं। इस कारण पहले उसे बदलना होगा। लाइट व इससे जुड़े अन्य कार्यों के लिए राज्य सरकार के बजट में 6.70 करोड़ रुपये का प्रविधान तो है, लेकिन राशि अभी आई नहीं है।

बताया गया कि लगभग 15 वर्श पुरानी लाइटों की जगह नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर लगाया जाना है। ताकि मैदान में पर्याप्त रोशनी तो हो ही, बिजली की खपत भी कम हो।
हॉकी स्टेडियम में फ्लड लाइट का पता नहीं

अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में भी फ्लड लाइट लगाने की योजना है। इसके लिए शासन से राशि भी मिल चुकी है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक काम शुरू नहीं कराया जा सका है। बताया गया कि फ्लड लाइट के साथ वहां नया एस्ट्रोटर्फ भी लगाया जाना है। इसकी भी राशि काफी पहले से स्वीकृत है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने अब तक इसकी तकनीकी स्वीकृति नहीं दी है।

इस कारण दोनों काम अटके हुए हैं। टर्फ नहीं बदल पाने के चलते दो वर्ष से अखिल भारतीय स्तर की हाकी प्रतियोगिता भी नहीं कराई जा सकी है।

जून में सीसीपीएल की तैयारी है। इसके लिए क्रिकेट संघ अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर चुका है। विधानसभा अध्यक्ष की पहल पर राज्य सरकार के बजट में 6.70 करोड़ रुपये का प्रविधान है। इसके जारी होते ही काम शुरू करा दिए जाएंगे। फ्लड लाइट के साथ ही बिजली संबंधी अन्य कार्य भी प्रस्तावित हैं। उम्मीद है शीघ्र ही पूरे स्टेडियम जगमग हो जाएगा।

-योगेश बागड़ी, सचिव, क्रिकेट संघ

Related Articles

Back to top button