ड्यूटी पर गई पुलिस टीम पर हमला, इलाके में तनाव का माहौल
Police team on duty attacked, tension prevails in the area

गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमी (द) में रविवार शाम को जांच के लिए पहुंचे पुलिस जवानों को चार आरोपितों ने घेरकर टांगिया और डंडों से हमला कर लहूलुहान कर दिया। यह हमला पुरानी रंजिश और पूर्व में की गई शराब जब्ती की कार्रवाई के विरोध में किया गया, जिसमें तीन आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित सहित चारों हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपित
मिली जानकारी के अनुसार, दर्रीपारा कैंप में पदस्थ आरक्षक परमेश्वर नेताम, विमल लकड़ा और विनोद मनहर रविवार शाम को नियमित ग्राम भ्रमण और जांच के लिए ग्राम कोसमी (द) पहुंचे थे। वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपित भैय्या लाल देवंशी, गोरेलाल, उत्तम और गोलू देवंशी ने सुनियोजित तरीके से चारों तरफ से घेराबंदी कर हमला बोल दिया।
हमले के दौरान मुख्य आरोपित भैय्या लाल ने आरक्षक विमल लकड़ा के सिर पर टांगिया से जोरदार वार किया, जिससे उनके चेहरे, नाक और आंख के पास गहरी और गंभीर चोटें आईं। विमल के जमीन पर गिरते ही अन्य आरोपितों ने डंडों और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने किसी तरह पुलिसकर्मियों की जान बचाई
बीच-बचाव करने आए आरक्षक परमेश्वर और विनोद को भी डंडों से बुरी तरह पीटा गया। शोर सुनकर वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने किसी तरह पुलिसकर्मियों की जान बचाई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
डीएसपी गरिमा दादर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और उपहति कारित करने के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 109, 121(1), 127(2), 221, 132 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।



