छत्तीसगढ़

मार्च में ही गर्मी ने बढ़ाया पारा, राजनांदगांव में 40 डिग्री पार

Heat surges in March, crosses 40 degrees in Rajnandgaon

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मार्च के पहले पखवाड़े में ही तेज गर्मी पड़ रही है। राजनांदगांव में पारा 40 डिग्री पहुंच गया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री बना हुआ है। अगले 48 घंटे में तापमान में कोई विशेष बदलाव आने की संभावना नहीं है।

हाालांकि आज से तीन दिन 13, 14 और 15 मार्च को बस्तर संभाग के कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी संभावना है। इससे तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड में बने बारिश के सिस्टम के असर से बस्तर में बारिश की स्थिति बन रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से झारखंड होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर एक ट्रफ (द्रोणिका) सक्रिय है। इसका मतलब है कि इस ऊंचाई पर हवा का दबाव कम है और वहां हवाओं का मिलन हो रहा है।

इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदलने की संभावना बन रही है। इस दौरान इस ट्रफ के कारण प्रदेश में कुछ इलाकों में बादल बढ़ सकते हैं, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) तक चल सकती हैं।

ट्रफ लाइन मौसम विज्ञान में कम दबाव की एक लंबी पट्टी होती है। यह आमतौर पर नक्शे पर एक ऐसी रेखा के रूप में दिखाई जाती है जहां आसपास के क्षेत्रों की तुलना में हवा का दबाव थोड़ा कम होता है। इस वजह से अलग-अलग दिशाओं से हवाएं इस क्षेत्र की ओर खिंचती हैं और ऊपर उठती हैं।

वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में अगले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहने के साथ हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button