होली पर यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रनों का संचालन
Special trains to be operated for passengers on Holi

रायपुर: होली पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास तैयारियां की हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत कुल 70 होली स्पेशल ट्रेनों के फेरे संचालित होंगे, जिससे यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा कन्फर्म बर्थ और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। इन 70 फेरों में से 14 फेरे एसईसीआर के दुर्ग, बिलासपुर और गोंदिया स्टेशनों से बनकर चलेंगे, जबकि 56 फेरे एसईसीआर जोन के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेंगे।
एसईसीआर से शुरू होने वाली प्रमुख ट्रेनें
दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग: दुर्ग से 1 और 2 मार्च को तथा वापसी में निजामुद्दीन से 2 और 3 मार्च को चलेगी। यह रायपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड होते हुए जाएगी।
गोंदिया-छपरा-गोंदिया: गोंदिया से 1 व 2 मार्च को और वापसी में छपरा से 3 व 4 मार्च को चलेगी।
दुर्ग-मधुबनी-दुर्ग: दुर्ग से 1 मार्च को और मधुबनी से 2 मार्च को झारसुगुड़ा होकर चलेगी। इसका ठहराव रायपुर, बिलासपुर, चाम्पा एवं रायगढ़ में होगा।
गोंदिया-पटना-गोंदिया: गोंदिया से 2 मार्च को और पटना से 3 मार्च को चलेगी।
बिलासपुर-चर्लपल्ली-बिलासपुर : बिलासपुर से 27 फरवरी और चर्लपल्ली से 28 फरवरी को बल्हारशाह होकर चलेगी।
जोन से होकर गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों के 56 फेरे
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर 56 फेरे अन्य राज्यों को जोड़ने वाली स्पेशल ट्रेनों के गुजरेंगे। जारी सूची के अनुसार, इनमें मुख्य रूप से तिरुपति-रक्सौल, चर्लपल्ली-रक्सौल, पटना-चर्लपल्ली, हटिया-दुर्ग और चर्लपल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं ।
ये गुजरने वाली ट्रेनें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गोंदिया, भाटापारा और रायगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी । इस व्यवस्था से दिल्ली, बिहार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को होली के दौरान सफर में राहत मिलेगी।



