तहसील कार्यालय के सामने बने मल्टीलेवल पार्किंग से 38 लाख की चोरी
38 lakh rupees stolen from the multi-level parking in front of the tehsil office.

रायपुर: रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शातिर बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। FCI अधिकारी ज्ञान प्रकाश पांडेय जमीन की रजिस्ट्री के सिलसिले में तहसील कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने तहसील कार्यालय के सामने बने मल्टीलेवल पार्किंग के सेकेंड फ्लोर पर अपनी कार खड़ी की थी। इसके बाद वह संबंधित पार्टी का इंतजार करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर चले गए।
कुछ देर बाद जब संबंधित पक्ष वहां पहुंचा तो ज्ञान प्रकाश पांडेय रुपये लेने के लिए अपनी कार के पास लौटे। कार में रखी 38 लाख रुपये की नकदी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मल्टीलेवल पार्किंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पहले से ही FCI अधिकारी की रेकी कर रहे थे और उनका पीछा करते हुए पार्किंग तक पहुंचे थे।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से काम कर रही है।


