मध्यप्रदेश
एमपी–यूपी सीमा पर अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Major police action against illegal petrol-diesel trade on MP-UP border

रीवा मप्र – रिपोर्टर: सुभाष मिश्रा
मध्य प्रदेश–उत्तर प्रदेश की सीमा पर लंबे समय से चल रहे अवैध पेट्रोल और डीजल कारोबार पर अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शासन-प्रशासन के अलर्ट होने के बाद सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने विशेष मुहिम चलाकर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश की ओर बड़े ड्रमों में ले जाए जा रहे करीब 500 लीटर पेट्रोल और डीजल को जब्त किया गया। इसके बाद पुलिस टीमों ने सीमा से सटे इलाकों में उन दुकानों और गुमटियों पर छापेमारी की, जहां गैलनों से लेकर छोटी-छोटी बोतलों में पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार खुलेआम किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि यह ज्वलनशील पदार्थ बिना किसी सुरक्षा मानक के बेचा जा रहा था, जिससे न केवल लोगों की जान को गंभीर खतरा था, बल्कि प्रदेश के राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंच रहा था।
दरअसल, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी अंतर है। मध्य प्रदेश में जहां पेट्रोल 108 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश में पेट्रोल 95 रुपये और डीजल 88 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध है। इसी मूल्य अंतर का फायदा उठाकर तस्कर उत्तर प्रदेश से सस्ता ईंधन लाकर मध्य प्रदेश में अवैध रूप से बेच रहे थे।
पुलिस के अनुसार, इस अवैध कारोबार में पान की छोटी गुमटियों तक को शामिल किया गया था। फिलहाल पुलिस ने अवैध रूप से बेचे जा रहे पेट्रोल-डीजल को जब्त कर लिया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।



