रीवा जिले के जवा जनपद पंचायत अंतर्गत अतरैला में स्वामी नरसिंह महाराज स्मृति 18वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन
Grand inauguration of Swami Narsingh Maharaj Smriti 18th All India Volleyball Competition at Atraila under Jawa Janpad Panchayat of Rewa district

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने की इंडोर स्टेडियम की घोषणा

अतरैला (रीवा)। सिरमौर विधानसभा अंतर्गत जवा जनपद की ग्राम पंचायत अतरैला स्थित आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में स्वामी नरसिंह महाराज स्मृति 18वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का उद्घाटन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन नरसिंह क्रीड़ा समिति एवं विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विगत 18 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत रीवा की अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल रहीं, जबकि अध्यक्षता प्रदेश कार्य समिति सदस्य महिला मोर्चा श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथियों में क्षेत्रीय भाजपा नेता एवं हनुमान कथा समिति के संस्थापक श्री सर्जेश पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि चंद्रमणि मिश्रा, जनपद सदस्य प्रबल पाण्डेय, सरपंच ग्राम पंचायत अतरैला रामभवन पाण्डेय, अतरैला मंडल अध्यक्ष सालिकराम साहू तथा सरपंच ग्राम पंचायत जोन्हा धनेन्द्र द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने मां सरस्वती एवं स्वामी नरसिंह महाराज की प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं बसंत गीत की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पहार से स्वागत किया गया। आयोजक सचिव एस.एन. मिश्रा ने आयोजन का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि बुद्धि का परिमार्जन अध्ययन-अध्यापन से, मन और आत्मा का परिमार्जन भजन-पूजन से तथा शरीर का परिमार्जन खेल और व्यायाम से होता है। खेल जीवन में अनुशासन के साथ आपसी सद्भाव का संवाहक है। उन्होंने आयोजन समिति को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। जनपद सदस्य प्रबल पाण्डेय ने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के अभाव की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए इंडोर स्टेडियम की मांग रखी।
मुख्य अतिथि श्रीमती नीता कोल ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि अतरैला उनका गृह क्षेत्र है और यहां वर्षों से निरंतर राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अब तक विकास के पर्याप्त अवसर नहीं मिल सके हैं तथा बच्चों के लिए उच्च शिक्षा एवं खेल सुविधाओं का अभाव रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अतरैला में इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।
उद्घाटन मैच आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अतरैला एवं यूटीडी रीवा के मध्य खेला गया, जिसमें यूटीडी रीवा की टीम विजेता रही। मैच के रेफरी वीरेश सिंह बघेल एवं विनोद शर्मा रहे।
समारोह में आयोजन समिति अध्यक्ष प्रमोद पयासी, उपाध्यक्ष किशोरी लाल मिश्रा, स्वागत समिति अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा सहित नारायण दत्त तिवारी, शिवकुमार द्विवेदी, बृजभूषण गौतम, संदीप गुप्ता, रूपेंद्र गुप्ता, प्रदीप पाण्डेय, शिवम गौतम, निहाल पाण्डेय, शिक्षक डी.डी. मिश्रा, एस.के. द्विवेदी, प्रदीप तिवारी, नरेंद्र मिश्रा, अखिलेश पाण्डेय, राजकुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य सुरेश तिवारी ने किया। दर्शक दीर्घा में पांच हजार से अधिक खेल प्रेमी मौजूद रहे।


