सीएमओ रीवा का जवा सीएचसी में औचक निरीक्षण.. व्यवस्थाओं की खुली पोल, सुधार के सख्त निर्देश..
CMO Rewa's surprise inspection at Jawa CHC... The arrangements were exposed, strict instructions were given for improvement...

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जवा व सिरमौर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी।
सीएमओ ने वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, दवा वितरण काउंटर, पैथोलॉजी लैब, महिला एवं पुरुष वार्ड सहित पूरे अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलाज कराने आए मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय परामर्श, जांच सुविधाओं और स्टाफ के व्यवहार की जानकारी ली।
डॉ. त्रिपाठी ने दवाओं के स्टॉक, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता, मरीज पंजीकरण प्रणाली एवं अभिलेखों के संधारण की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों के बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने क्षेत्र में मक्खियों की तरह फैले झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि अवैध तरीके से इलाज करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सीएमओ की सख्ती से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. के. पी. गौतम, डॉक्टर राघवेंद्र मिश्रा (डीपीएम रीवा), डॉक्टर अग्निमेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



