
नई दिल्ली । वेनेजुएला की राजधानी काराकास में शनिवार देर रात, 3 जनवरी को एक के बाद एक कई तेज धमाके सुनाई दिए। इसके साथ ही आसमान में लड़ाकू विमानों जैसी तेज आवाजें गूंजती रहीं। अचानक हुए इन विस्फोटों से दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
हालांकि, इन घटनाओं पर वेनेजुएला सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों के पीछे अमेरिका का हाथ बताया जा रहा है।
रॉयटर्स से बातचीत में एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर स्वीकार किया कि अमेरिका वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई कर रहा है।
हालांकि, हमलों के पैमाने और लक्ष्य को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई। हमलों के बाद वेनेजुएला सरकार ने पूरे देश में आपातकाल (Emergency) लागू कर दिया है।
ये धमाके ऐसे समय हुए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में वेनेजुएला के खिलाफ जमीनी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी थी। 29 दिसंबर को ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका ने वेनेजुएला में ड्रग तस्करी से जुड़े जहाजों के डॉकिंग इलाकों पर हमला किया है।



