मध्यप्रदेश

मानपुर फोरलेन पर दो ट्रकों में लगी भीषण आग

Two trucks caught fire on Manpur four lane.

महू। इंदौर के पास मानपुर क्षेत्र में मुंबई–आगरा फोरलेन पर सोमवार सुबह दो ट्रकों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब एक किमी दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे फोरलेन पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मानपुर और महू की फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

ट्रक चालक राकेश ने बताया कि वह मुंबई के भिवंडी इलाके से इंदौर की लोहा मंडी के लिए केमिकल के डिब्बे लेकर जा रहा था। मानपुर में चाय पीने के लिए रुका था। थोड़ी देर बाद ढाबे के एक कर्मचारी ने बाहर खड़े ट्रक में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचते ही देखा कि आग विकराल रूप ले चुकी थी। चालक के मुताबिक, ट्रक में माल कल ही भरा गया था।
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने बताया कि आग की चपेट में पीछे खड़ा एक अन्य ट्रक भी आ गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। बाद में दमकल कर्मियों की मदद से स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।

Related Articles

Back to top button