लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद
गरियाबंद जिले में फिंगेश्वर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ओड़िसा से अवैध गांजा लेकर धमतरी की ओर जाने वाले हैं। इस आधार पर फिंगेश्वर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की व्यवस्था की और वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो युवक बैठे हुए थे।
तलाशी के दौरान कार से 28 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान कमलेश निषाद और राम सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तस्करों द्वारा उपयोग की जा रही कार को भी जप्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ओड़िसा से गांजा लेकर धमतरी में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
फिंगेश्वर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी पर बड़ी रोक लगी है और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की है।



