छत्तीसगढ़
तालाब में नहाने गए चार लोगों पर लोमड़ी का हमला, एक गंभीर
Four people who went to take a bath in a pond were attacked by a fox, one seriously injured.

देवीचरण ठाकुर गरियाबंद
मैनपुर_ग्राम केनकराजोर में शुक्रवार की सुबह 7 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तालाब में नहाने गए चार ग्रामीणों पर अचानक एक लोमड़ी ने हमला कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन अन्य के पैरों में काटने के निशान पाए गए हैं।
घायल व्यक्तियों में डोमार सिंह कश्यप (70 वर्ष), घनश्याम कश्यप (65 वर्ष), पुरुष कश्यप (50 वर्ष) एवं एक अन्य ग्रामीण शामिल हैं। सभी अलग-अलग समय पर तालाब में नहाने पहुंचे थे, तभी यह हादसा हुआ।
एक प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण ने बताया कि — “सुबह करीब सात बजे लोमड़ी अचानक झाड़ियों से निकलकर तालाब की ओर आई और पानी में नहा रहे लोगों पर झपट पड़ी। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले उसने दो-तीन लोगों को काट लिया। शोर मचाने पर लोमड़ी भाग गई।”
घटना की जानकारी मिलते ही उरमाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में देवभोग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने भी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र में लोमड़ी की तलाश शुरू की। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध जंगली जानवर की सूचना तुरंत पुलिस या वन विभाग को दें।
ग्रामवासियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवरों की गतिविधि बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।



