रीवा में कलेक्टर प्रतिभा पाल की सख्ती — एक दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोर सील
Collector Pratibha Pal's strictness in Rewa - more than a dozen medical stores sealed

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
एक्सपायरी दवाइयाँ और फार्मासिस्ट की गैरहाजिरी बनी कार्रवाई की वजह
रीवा। मरीजों की जान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा — यही सख्त संदेश देते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिले में मेडिकल स्टोर्स पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। शासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले कई मेडिकल स्टोर्स पर निरीक्षण दल ने कड़ा रुख अपनाया और एक दर्जन से अधिक दुकानों को सील कर दिया।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित टीमों ने सिरमौर चौक, अस्पताल चौक और संजय गांधी अस्पताल के सामने स्थित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं।
शिवम मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट व प्रोपराइटर दोनों अनुपस्थित मिले, वहीं अमित मेडिकल, अवध मेडिकल और विशाल मेडिकल स्टोर में क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड अद्यतन नहीं था। विशाल मेडिकल में फार्मासिस्ट भी मौके से गायब पाए गए।
अनंत मेडिकल, ओम मेडिकल और इंडियन फार्मेसी में फार्मासिस्ट की अनिवार्य उपस्थिति नहीं मिली, जबकि इंडियन फार्मेसी ने लाइसेंस का प्रदर्शन तक नहीं किया था।
श्री मेडिकल, मुकेश मेडिकल और शिव मेडिकल में लाइसेंस की प्रति प्रस्तुत नहीं की गई। मुकेश मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नवीनीकृत नहीं था और यहां एक्सपायरी दवाइयाँ भी पाई गईं, जो मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानी गईं।
राम मेडिकल, अभिषेक मेडिकल और कमल मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट की उपस्थिति तो मिली, लेकिन रिकॉर्ड अद्यतन नहीं था। तीनों को तुरंत रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण दल में एसडीएम, नायब तहसीलदार और ड्रग इंस्पेक्टर शामिल थे। सील की गई दुकानों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि जिले में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मेडिकल स्टोर्स पर फार्मासिस्ट की उपस्थिति अनिवार्य हो, क्रय-विक्रय रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किया जाए और एक्सपायरी दवाइयों की बिक्री पर सख्त रोक रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा — “मरीजों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती। नियम तोड़ने वालों पर कठोरतम कार्रवाई होगी।”



