
हितग्राही योजनाओं में शत-प्रतिशत स्वीकृति पर जोर
बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड में बढ़ें लाभार्थी – कलेक्टर


जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न हितग्राहीमुखी विकास एवं रोजगारमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत स्वीकृति और समयबद्ध ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसे कार्यक्रम स्वरोजगार बढ़ाने में प्रभावी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुद्रा योजना का लोन देश के किसी भी बैंक से सरल प्रक्रिया के तहत आसानी से उपलब्ध है। इसके तहत युवाओं, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को कम ब्याज दर पर ऋण देकर आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को शिशु, किशोर और तरुण घटकों के लिए बैंकवार पृथक लक्ष्य निर्धारण कर अधिकतम प्रकरण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में लोन मेले और शिविरों का आयोजन कर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही, किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने, मत्स्य और पशुपालन विभाग के हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने तथा ई-केवाईसी व आधार सीडिंग की प्रगति को तेज करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय फ्रॉड से बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाए और आगामी ग्राम सभाओं में योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, रिजर्व बैंक, लीड बैंक अधिकारी, नाबार्ड प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों और बैंक शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।



