बिहार-यूपी के कई जिलों में बाढ़ का मंडराया खतरा
Flood threat looms in many districts of Bihar and UP

बक्सर। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बिहार और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। खासतौर पर बक्सर, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे शहरों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
बक्सर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से महज 40 सेंटीमीटर नीचे है और शुक्रवार शाम से यह करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। अगर यही स्थिति बनी रही, तो रविवार या सोमवार तक गंगा खतरे के निशान को पार कर सकती है।
उत्तर प्रदेश के बलिया में गंगा का जलस्तर पहले ही खतरे के निशान से लगभग एक मीटर ऊपर पहुंच चुका है। वहीं गाजीपुर में यह लगभग 20 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। वाराणसी में गंगा तेजी से खतरे के निशान के करीब पहुंच रही है, जहां तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर में वृद्धि हो रही है। प्रयागराज में गंगा का जलस्तर चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है, जिससे वहां भी खतरे की आशंका बढ़ गई है।



