जवा थाने से नहाने गया स्वीपर नदी में डूबा, 4 घंटे बाद लाश बरामद, मुआवजे की मांग को लेकर 3 घंटे तक चक्काजाम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

रीवा @ सुभाष मिश्रा । रीवा जिले के जवा थाना अंतर्गत टमस नदी में नहाने गया स्वीपर नदी में डूब गया। हादसा देख राहगीरों ने जवा पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद पहुंची डायल 100 के जवान को मिर्गी का दौरा पड़ गया। अचानक से जमीन में गिरने के कारण आरक्षक चोटिल हो गया। घटना के बाद थाने का अमला पुलिस आरक्षक को लेकर जवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा। तब उपचार शुरू किया गया है।वहीं दूसरी तरफ रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी हुई। ऐसे में लापता युवक के परिजन टमस नदी के सितलहा पुल में चक्काजाम कर दिए। गांव वालों का विरोध देख होमगार्ड के जवान व स्थानीय गोताखोर बुलाए। तब कहीं जाकर 4 घंटे बाद लाश बरामद हुई। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने 3 घंटे तक बवाल मचाया है। एसडीएम ने संबल योजना के तहत मुआवजा देने की बात कही है।जवा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गीतांजति सिंह ने बताया कि राहुल स्वीपर पुत्र रामांकात 24 वर्ष निवासी सितलहा बुधवार की दोपहर 12 बजे नदी नहाने गया था। नदी में पैर फिसलने से डूब गया। घाट किनारे राहुल स्वीपर के कपड़े देख गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद थाने का अमला पहुंचा। टमस नदी की गहराई ज्यादा होने के कारण लाश खोजने में चार घंटे का वक्त लगा है।
कांग्रेस नेता सहित 10 अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज
सूत्रों में चर्चा है कि स्थानीय कांग्रेस नेता चक्रधर सिंह ने ग्रामीणों को भड़काया है। ऐसे में दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था। सभी की वीडियो ग्राफी पुलिस व प्रशासन ने कराई है। जिसके आधार पर एक नामजद सहित 10 अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एसडीएम पीके पाण्डेय और तहसीलदार दिलीप शर्मा की समझाइश पर दो बजे का लगा जाम शाम 5 बजे यानी कि तीन घंटे बाद खुला है।



