अपने भाई के मकान में लाखों रूपये की चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। अपने भाई के मकान में लाखों रूपये की चोरी करने वाला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की सोने के जेवरात 14 तोला, 1लैपटॉप, 1 मोबाईल एवं नगदी 6,000 रूपये जब्त किया है । दरअसल प्रार्थी सपरिवार विवाह कार्यक्रम में अपने ससुराल भाठागांव गया था। इस दौरान आरोपी ने 11-12 जून की दरम्यानी रात चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी चंद्रशेखर सोनकर ने अपने मकान से चोरी होने की रिपोर्ट थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराया। जिस पर आरोपी के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 280/23 धारा 457, 380 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया ।
जांच के दौरान एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि दिनांक घटना को सोनकरपारा पुरानी बस्ती निवासी अमित सोनकर जो रिश्ते में प्रार्थी का चचेरा भाई है, को प्रार्थी के घर के आसपास देर रात्रि संदिग्ध हालत में देखा गया था। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा अमित सोनकर की पतासाजी कर पकड़ा गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना के संबंध में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर अमित सोनकर द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना बताया गया। जिस पर आरोपी अमित सोनकर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कब्जे से चोरी की सोने के जेवरात 14 तोला, 01 नग लैपटॉप, 01 नग मोबाईल फोन एवं नगदी रकम 6,000/- रूपये जुमला कीमती लगभग 7,50,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।



