रायपुर। राजधानी के अशोका रतन के ऑफिस में लाखों रूपये चोरी करने वाले 9 आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकद 14,00,000/- रूपये और 3 लैपटॉप जब्त किया है। दरअसल चोरी की घटना का मास्टरमाईंड चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्टू सहित 3 आरोपी फरार है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रिंसु धनुका ने थाना पण्डरी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ट्रेडिंग का काम करता है तथा उसका ऑफिस अशोका रतन बिल्डिंग नंबर 06 फ्लैट नंबर 302 रायपुर में है। ऑफिस स्टॉफ में सोमेन्द्र क्षत्रिय, चंद्रभूषण डनसेना (चिन्टू), विवेक सोनी एवं संदीप सोनी कार्य करते है। 28 मई को शाम करीब 6.00 बजे कुछ अज्ञात व्यक्ति प्रार्थी के आफिस आये और चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्टू से बात चीत करने लगे कुछ देर पश्चात वे सभी लोग चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्टू के साथ ऑफिस से चले गये, जिसके संबंध में प्रार्थी के एक अन्य स्टाफ सोमेन्द्र ने प्रार्थी को फोन कर बताया जिस पर प्रार्थी अपने ऑफिस अशोका रतन पहुंच कर देखा तो पाया कि ऑफिस में रखे 03 नग लेपटाप, 04 नग मोबाईल तथा नगदी रकम लगभग 20 लाख रूपये को लेकर चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्टू अपने साथियों के साथ आपराधिक षडयंत्र कर चोरी कर फरार हो गया। जिस पर चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्टू तथा उसके अन्य साथियों के विरूद्ध थाना पण्डरी में अपराध क्रमांक 171/2023 धारा 381, 120बी भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
जांच के दौरान एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना पण्डरी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी तथा उसके अन्य कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ करते हुए आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ घटना स्थल तथा उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ ही आरोपियों के पतासाजी हेतु प्रकरण में मुखबीर भी लगाये गये। इसी दौरान टीम के सदस्यों को आरोपियों के रायगढ़ में उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा रायगढ़ रवाना होकर आरोपियों की पतासाजी करते हुए घटना में संलिप्त रायगढ़ निवासी 9 आरोपी चंद्रकांत निषाद उर्फ चंदू, अजय मेहर, विवेक दर्शन, गुलाब राम डनसेना, राकेश कुमार झरिया, लोकेश कुमार झरिया, ईश्वर डनसेना एवं ऋषि कुमार डनसेना की पतासाजी कर पकड़ा । सभी आरोपियों को पकड़कर प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा चोरी का मास्टरमाईंड चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्टू के कहने पर उसके साथ मिलकर चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना बताया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नगदी रकम 14,00,000/- रूपये एवं 03 नग लैपटॉप जुमला कीमती लगभग 15,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। प्रकरण में संलिप्त घटना का मास्टरमाईंड आरोपी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्टू सहित अन्य 03 आरोपी फरार है जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
