छत्तीसगढ़

“एक मिनट की देरी पर 7वीं के छात्र की पिटाई, शिक्षक पर FIR दर्ज”

7th-grade student beaten for one-minute delay; FIR registered against teacher.

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक स्थित एक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में कक्षा में मात्र एक मिनट की देरी से पहुंचने पर 12 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता की शिकायत पर डौंडीलोहारा पुलिस ने शिक्षक लोकेश्वर निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 296 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद शिक्षक संगठनों ने भी नाराजगी जताते हुए बिना विभागीय जांच सीधे एफआईआर दर्ज किए जाने पर सवाल उठाए हैं।

बाथरूम से लौटने में हुई एक मिनट की देरी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम कसही निवासी प्रमोद साहू का 12 वर्षीय पुत्र डौंडीलोहारा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में कक्षा सातवीं का छात्र है। 20 जुलाई को वह प्रतिदिन की तरह सुबह स्कूल गया था। शाम को घर लौटने के बाद उसने परिजनों को बताया कि एक पीरियड समाप्त होने के बाद बाथरूम की छुट्टी हुई थी। वह बाथरूम से लौटकर लगभग एक मिनट की देरी से कक्षा में पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि देरी से आने पर शिक्षक लोकेश्वर निषाद ने छात्र की कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की, हाथ से उसकी छाती पर प्रहार किया और सिर पकड़कर दीवार की ओर टकरा दिया। घटना के बाद छात्र के सिर में दर्द और सूजन हो गई। रात होने के कारण परिजनों ने पहले घर पर उपचार किया, फिर अगले दिन 21 जुलाई को उसे शासकीय अस्पताल डौंडीलोहारा ले जाकर इलाज कराया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के समय कक्षा में मौजूद अन्य विद्यार्थियों ने कथित मारपीट और गाली-गलौज देखी और सुनी। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चा मानसिक रूप से काफी सहम गया है और अब स्कूल जाने से भी डर रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर डौंडीलोहारा पुलिस ने शिक्षक लोकेश्वर निषाद के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2) एवं 296 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

शिक्षक संगठनों ने उठाए सवाल

एफआईआर दर्ज होने के बाद विभिन्न शिक्षक संगठनों ने नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि किसी भी शिक्षक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने से पहले शिक्षा विभाग द्वारा निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जानी चाहिए थी। संगठनों का आरोप है कि बिना प्रारंभिक जांच सीधे एफआईआर दर्ज करना उचित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मामले को लेकर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

◆वर्जन

””छात्र के परिजनों की शिकायत के आधार पर शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।””

सुनील तिर्की, थाना प्रभारी, डौंडीलोहारा थाना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button